जनसंवाद, जमशेदपुर। शहर की छात्रा इशिका पोद्दार ने NEET-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 15,600 हासिल कर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने सोमवार को बिरसानगर स्थित उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया।
इस दौरान दिनेश कुमार ने इशिका पोद्दार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उन्हें श्रीमद्भागवत गीता, डायरी और कलम भेंट की। साथ ही मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इशिका के पिता नारायण पोद्दार और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
दिनेश कुमार ने कहा कि इशिका पोद्दार की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और परिवार के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं और उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने का संदेश देती हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इशिका भविष्य में एक कुशल, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगी।
इस अवसर पर ओंकार सिंह, गोलक गोप और आयुष पॉल भी उपस्थित रहे।

















