जमशेदपुर / Manjeet kumar :सुंदरनगर स्थित 106वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया, समारोह में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ जवानों ने राष्ट्रसेवा के अपने संकल्प को दोहराया, 106वीं वाहिनी RAF के कमांडेंट राजीव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी.

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन हुआ, पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का वातावरण नजर आया, इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया, उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए जवानों ने स्वतंत्रता की रक्षा और राष्ट्र की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की जिम्मेदारी
समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट राजीव कुमार ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है, देश की प्रगति के लिए हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा. उन्होंने जवानों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रहित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, एकता, भाईचारा और जिम्मेदारी की भावना ही मजबूत राष्ट्र की नींव है.

अधिकारी से जवान तक दिखी एकजुटता
स्वतंत्रता दिवस समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी मौली मोहन कुमार, कौशल साधन गिरी, उप कमांडेंट बच्चानदेव कुमार समेत अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे, समारोह ने बल के भीतर अनुशासन के साथ-साथ सामूहिकता, भाईचारे और आपसी सम्मान की भावना को भी मजबूती दी.
RCWA 106 RAF में बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की रंगत
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर RCWA 106 RAF की ओर से भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, RCWA 106 RAF की अध्यक्षा श्रीमती शुभ्रा कांत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बल के जवानों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया.

बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में नई ऊर्जा भर दी और उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जज्बा और मजबूत किया, कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम केवल वर्दी तक सीमित नहीं, बल्कि परिवार और समाज के हर सदस्य की साझा जिम्मेदारी है.
‘बड़ा खाना’ में दिखी जवानों की सामूहिकता
स्वतंत्रता दिवस समारोह के क्रम में संध्या समय जवानों के लिए ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से इसमें भाग लिया, इस आयोजन ने बल के भीतर आपसी भाईचारे, सम्मान और एकजुटता की भावना को और मजबूत किया.
106वीं वाहिनी RAF में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह महज ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, सम्मान, भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर सामने आया, तिरंगे की छांव में जवानों ने एक बार फिर राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और देश की एकता एवं अखंडता के लिए पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया.

















