जनसंवाद, जमशेदपुर। 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 में झारखंड सशस्त्र पुलिस (झा.स.पु.)-06, जमशेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर बुधवार को वाहिनी मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में समादेष्टा राजेश कुमार (भा.पु.से.) ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
समादेष्टा ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आगे भी राज्य और विभाग का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस उपाधीक्षक एवं गृहपाल श्रीमती झानो हांसदा सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

















