जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खरसावां के बुरूडीह बाईपास निर्माण कार्य में हो रही देरी का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने मंगलवार को विधानसभा के शून्यकाल में बुरूडीह बाईपास निर्माण की धीमी गति का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सरकार से निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।
3 साल से धीमी गति से चल रहा निर्माण
विधायक दशरथ गागराई ने सदन में कहा कि पथ प्रमंडल सरायकेला-खरसावां के अधीन बुरूडीह बाईपास का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। पिछले करीब तीन वर्षों से योजना के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाईपास के निर्माण से आम लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सरकार से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग
विधायक ने विधानसभा के माध्यम से सरकार से मांग की कि बुरूडीह बाईपास निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बाईपास का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी।
आम लोगों को निर्माण पूरा होने का इंतजार
बुरूडीह बाईपास को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क परियोजना माना जा रहा है। लंबे समय से निर्माण कार्य चलने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने से स्थानीय लोगों में भी इसे जल्द पूरा कराने की जरूरत महसूस की जा रही है। विधायक ने सदन में इस मुद्दे को उठाकर सरकार का ध्यान निर्माण कार्य में तेजी लाने की ओर आकृष्ट कराया।

















