Advertisement

खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन 70% तैयार, 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का सरकार का दावा

By Goutam

Published on:

खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नया भवन

जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए भवन का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। विधानसभा में विधायक दशरथ गागराई द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न संख्या-09 के जवाब में राज्य सरकार ने स्वीकार किया कि निर्माण कार्य में देरी हुई है। हालांकि सरकार ने बताया कि भवन का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा कर स्वास्थ्य विभाग को भवन हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

विधानसभा में उठा निर्माण में देरी का मामला

Dayal Builder
Srinath

7 अगस्त 2026 को विधानसभा में विधायक दशरथ गागराई ने पूछा कि क्या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां के नए भवन का निर्माण वर्ष 2024 में पूरा होना था और क्या धीमी प्रगति के कारण यह अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। सरकार ने दोनों बिंदुओं को स्वीकार करते हुए जवाब दिया कि निर्माण कार्य अभी अधूरा है।

Advertisement

नए भवन के अभाव में हरिगांव पीएचसी में चल रही ओपीडी

सरकार ने अपने जवाब में बताया कि नए भवन के अभाव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां की ओपीडी सेवा फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिगांव (खरसावां) में संचालित की जा रही है, ताकि मरीजों का इलाज प्रभावित न हो।

सामग्री की कमी से प्रभावित हुआ निर्माण कार्य

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों और निर्माण सामग्री की उपलब्धता में आई कठिनाइयों के कारण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका।

सरकार का दावा- 31 दिसंबर तक पूरा होगा निर्माण

विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, वर्तमान में भवन निर्माण का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि 31 दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद

सीएचसी के नए भवन के निर्माण के बाद खरसावां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। भवन तैयार होने के बाद मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

ताजा खबरें

WhatsApp