जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खरसावां प्रखंड के हाडिभंजा और खरसावां में आयोजित बाहुड़ा रथ यात्रा में शुक्रवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बाहुड़ा रथ यात्रा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर और रथ यात्रा स्थल पर उमड़ पड़ी। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, भजन-कीर्तन और ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन और रथ खींचने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक दशरथ गागराई और बासंती गागराई ने श्रद्धालुओं के साथ रथ की रस्सी थामकर रथ खींचा। इस दौरान महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में रथ यात्रा में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते रहे।
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।
समाजसेवी बासंती गागराई ने भी श्रद्धालुओं को बाहुड़ा रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।
रथ यात्रा के उपरांत विधायक और समाजसेवी ने भगवान को प्रसाद अर्पित किया तथा श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान हाडिभंजा, खरसावां और आसपास का क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर रहा।
इस अवसर पर राजेश सिंह देव, राणा सिंह देव, उदय सिंह देव, भवेश मिश्रा, ललन तिवारी, पृथ्वीराज सिंह देव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















