जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। सरायकेला-खरसावां के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने बुधवार को कुचाई स्थित कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं, जिससे वे नाराज नजर आए।
जांच के क्रम में एसडीओ ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों—जांच केंद्र, मरीज पंजीकरण काउंटर, दवाखाना, ऑपरेशन थियेटर, एक्स-रे कक्ष, महिला एवं पुरुष वार्ड—का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की अनुपस्थिति पाई गई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

एसडीओ अभिनव प्रकाश ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, समय पर भोजन, दवा वितरण और इलाजरत मरीजों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अस्पताल में कुल 11 डॉक्टर कार्यरत हैं, लेकिन मौके पर केवल 2 एमबीबीएस और 1 आयुष चिकित्सक ही उपस्थित थे। इस स्थिति पर एसडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




















