जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा भवन में किसानों के बीच हाईब्रिड धान बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड क्षेत्र के 50 चयनित किसानों को उन्नत किस्म के हाईब्रिड धान बीज उपलब्ध कराए गए, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम तथा बीटीएम राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किसानों के बीच बीज का वितरण किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत बीज उपलब्ध कराकर खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हाईब्रिड धान की खेती से किसानों को बेहतर उत्पादन मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। किसानों से विभाग की योजनाओं और तकनीकी सलाह का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से धान की खेती, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
बीटीएम राजेश कुमार ने कहा कि प्रमाणित एवं उन्नत बीजों के उपयोग से उत्पादन लागत कम होती है और उपज की गुणवत्ता बेहतर होती है। उन्होंने किसानों को कृषि विभाग के संपर्क में रहकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में जींगी हेंब्रम, गुड्डी देवी, मुन्ना सोय, मंगल सिंह मुंडा, लिबनुस हेंब्रम, राजेश कुमार, धर्मेंद्र सांडिल, बुंदीरा सोय सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि उन्नत बीज मिलने से खेती में बेहतर उत्पादन हासिल करने में मदद मिलेगी।














