जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत अंतर्गत रूगुडीह गांव के टोला मुरूमडीह में शनिवार की आधी रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक एक विशाल पुराना इमली का पेड़ जड़ से उखड़कर डोली मुंडा और नंदीमनी सोय के घर पर गिर गया। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
जोरदार आवाज के बाद घर से बाहर निकले लोग
जानकारी के अनुसार देर रात अचानक विशाल इमली का पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे घर पर जा गिरा। पेड़ गिरने से घर की छत और दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा। घरेलू सामान भी टूट-फूट गया। तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घबराकर घर से बाहर निकले। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
पेड़ घर के बीच हिस्से में गिरता तो हो सकता था बड़ा हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ बेहद विशाल था और यदि यह घर के मध्य हिस्से में गिरता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। बारिश के मौसम में घर क्षतिग्रस्त होने के कारण अब उनके सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
मुखिया को दी गई घटना की जानकारी
घटना की सूचना रूगुडीह पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा को दी गई। रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पेड़ को हटाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित परिवार के लिए क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत कराना आसान नहीं है। ऐसे में प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। पीड़ित परिवार ने भी घर के पुनर्निर्माण के लिए सरकारी मदद की मांग की है।
घटना में किसी के हताहत नहीं होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन मकान को हुए नुकसान के कारण परिवार के सामने बरसात के मौसम में रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

















