Advertisement

नगर निगम और विधायक की खींचतान में पिस रही मानगो की जनता, विकास कार्य हो रहे प्रभावित: सौरभ विष्णु

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो में बालिगुमा जलापूर्ति योजना को लेकर विधायक और नगर निगम के बीच श्रेय लेने की राजनीति खुलकर सामने आने लगी है। वहीं विधायक निधि से होने वाले विकास कार्यों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। इस खींचतान का सीधा असर क्षेत्र के विकास कार्यों पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

Advertisement
Advertisement

Dayal Builder
Srinath

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते विवाद के कारण कई महत्वपूर्ण विकास कार्य धीमी गति से चल रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि श्रेय लेने की राजनीति और आपसी टकराव में मानगो का विकास प्रभावित हो रहा है।

Advertisement

इस पूरे मामले पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा पर राजनीति होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोग जल संकट झेल रहे हैं और अब जब जलापूर्ति योजना धरातल पर उतर रही है तो प्राथमिकता जनता तक जल्द और बेहतर तरीके से पानी पहुंचाने की होनी चाहिए।

सौरभ विष्णु ने कहा कि जनता को श्रेय की राजनीति नहीं, बल्कि अपने घर तक नियमित पानी चाहिए। विकास कार्यों में राजनीति नहीं बल्कि समन्वय और पारदर्शिता सबसे अधिक जरूरी है। चाहे विधायक निधि हो, नगर निगम फंड हो या किसी अन्य सरकारी एजेंसी की योजना, सभी का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि, नगर निगम और प्रशासन आपसी सहयोग से काम करें तो मानगो क्षेत्र में विकास की गति कई गुना बढ़ सकती है। आज मानगो की सबसे बड़ी जरूरत बेहतर सड़क, जलनिकासी, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि जनता यह नहीं देखती कि काम किस विभाग ने कराया, बल्कि यह देखती है कि काम समय पर हुआ या नहीं और उसकी गुणवत्ता कैसी है। राजनीतिक टकराव का सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि विधायक निधि और नगर निगम फंड से होने वाले कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल भी आवश्यक है। यदि किसी विभाग की कार्य गुणवत्ता को लेकर सवाल हैं तो उसमें सुधार होना चाहिए, लेकिन विकास योजनाओं को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि मानगो लगातार बढ़ती आबादी और बुनियादी समस्याओं के दबाव से जूझ रहा है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों को मिलकर दीर्घकालिक विकास मॉडल तैयार करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियां बार-बार उत्पन्न न हों।

उन्होंने कहा, “मैं भी इसी क्षेत्र में रहता हूं और चाहता हूं कि मानगो सुंदर, व्यवस्थित और विकसित बने। यहां के लोगों को बेहतर सड़क, पानी, सफाई और सभी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। विकास किसी एक व्यक्ति या दल का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और यहां रहने वाली जनता का होना चाहिए।”

ताजा खबरें

WhatsApp