Advertisement

मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो नगर निगम में विवाद से किया इनकार, बोलीं- सभी 34 पार्षद हमारे परिवार का हिस्सा

By Goutam

Published on:

मेयर सुधा गुप्ता

जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने निगम में किसी भी तरह के विवाद से इनकार करते हुए कहा कि नगर निगम एक लोकतांत्रिक संस्था है, जहां सभी 34 वार्डों के पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी भावनाओं, सुझावों तथा समस्याओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता है।

Advertisement
Advertisement

मेयर ने कहा कि यदि किसी पार्षद को किसी विषय पर असंतोष या नाराजगी है तो उसका समाधान आपसी संवाद के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्रत्येक योजना और विकास कार्य में सभी पार्षदों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Dayal Builder
Srinath

सुधा गुप्ता ने कहा कि एक मेयर के रूप में उन्हें पार्षदों से सम्मान मिलने के साथ-साथ उनकी शिकायतें सुनना भी अपनी जिम्मेदारी मानती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार बड़ा होने पर छोटी-मोटी नोकझोंक स्वाभाविक है, लेकिन सभी गलतफहमियों को बैठकर दूर किया जाएगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि मानगो की जनता को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जनता ने सभी जनप्रतिनिधियों को विकास के लिए चुना है, इसलिए व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित में कार्य करना आवश्यक है।

मेयर ने सभी पार्षदों से सकारात्मक सुझाव देने और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के द्वार सभी जनप्रतिनिधियों के लिए हमेशा खुले हैं और प्रत्येक वार्ड का समान रूप से विकास किया जाएगा। किसी भी पार्षद या क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।

सुधा गुप्ता ने विश्वास जताया कि आपसी संवाद, पारदर्शिता और सहयोग के माध्यम से सभी गलतफहमियां दूर होंगी तथा मानगो नगर निगम विकास, सुशासन और जनसेवा का आदर्श मॉडल बनेगा।

ताजा खबरें

WhatsApp