जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा है कि नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति के बाद अब स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता होगी। इसी दिशा में नगर निगम क्षेत्र में तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर खोलने की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिन्हें अगले एक माह के भीतर शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में संचालित 11 अर्बन हेल्थ सेंटरों को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करने और सभी केंद्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और पर्याप्त संख्या में नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा।
मेयर ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण व्यवस्था को और मजबूत करने, बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रैबीज और स्नेक बाइट की दवाएं उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए।
सुधा गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित शहर की पहचान है। नगर निगम का प्रयास है कि मानगो के प्रत्येक नागरिक को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ उनकी गुणवत्ता में भी लगातार सुधार किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्ययोजना को धरातल पर उतारने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो और समृद्ध मानगो” के संकल्प के साथ नगर निगम स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए तेजी से कार्य करेगा।
















