जनसंवाद, जमशेदपुर। नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 32 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोटिव एवं इंजन निर्माता कंपनी टाटा कमिन्स प्राइवेट लिमिटेड, जमशेदपुर में अप्रेंटिसशिप के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 2.4 लाख रुपये वार्षिक (CTC) का पैकेज मिलेगा।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आधुनिक आवश्यकताओं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि टाटा कमिन्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में 32 विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि टाटा समूह अपनी तकनीकी उत्कृष्टता, गुणवत्ता और नैतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। ऐसे संस्थान में अप्रेंटिसशिप विद्यार्थियों के करियर की मजबूत शुरुआत साबित होगी और उन्हें उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एक साथ 32 विद्यार्थियों का टाटा कमिन्स जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनी में चयन होना संकाय सदस्यों की मेहनत, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रयासों और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स, एप्टीट्यूड और इंटरव्यू स्किल्स पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी उद्योगों की अपेक्षाओं पर खरे उतर सकें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑटोमोटिव और हैवी इंजीनियरिंग सेक्टर तेजी से आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है। ऐसे में उद्योगों की मांग के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत प्लेसमेंट सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में कोर इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, आईटी और बेसिक साइंसेज के विद्यार्थियों के लिए भी देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।

















