जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी विभाग द्वारा “Science Showdown 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय विज्ञान उत्सव का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था।

इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों—बायोटेक्नोलॉजी, कृषि, प्राणीशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी और फार्मेसी—के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने आधुनिक विज्ञान और पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़े विषयों को चित्रों और प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित सोच, वैज्ञानिक ज्ञान और तार्किक क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता छात्रों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण और ज्ञानवर्धक मंच साबित हुई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें व्यावहारिक चुनौतियों के लिए भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान नवाचार का आधार है और आज के छात्र ही भविष्य के वैज्ञानिक हैं।
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने अपने संबोधन में कहा कि “Science Showdown 2026” जैसे आयोजन छात्रों में जिज्ञासा और खोजी प्रवृत्ति को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्रों ने इस आयोजन को अत्यंत शिक्षाप्रद बताते हुए कहा कि ऐसे मंच उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।


















