जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र गोमियाडीह पंचायत के पांडाडीह गांव में आदिवासी बॉयज क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में सुखलाल एफसी बाडेडीह ने जेक्शन एफसी बाडेडीह को हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में सुखलाल एफसी ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबला सुखलाल एफसी बाडेडीह और जेक्शन एफसी बाडेडीह के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सुखलाल एफसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जेक्शन एफसी बाडेडीह को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता में विजेता सुखलाल एफसी को 25 हजार रुपये, उपविजेता जेक्शन एफसी को 18 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही आशीष एंड जूनियर स्टार टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी भी प्रदान की गई।
विधायक दशरथ गागराई ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सभी टीमों की खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल झारखंड की पहचान है और गांवों के युवा बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का माध्यम
दशरथ गागराई ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आदिवासी बॉयज क्लब के सदस्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, मुखिया करम सिंह मुंडा, राहुल सोय, नारायण गुंदुवा, शंभू मुंडा, बनमाली सिंह मुंडा, बिरसा नाग, अनिल तोपनो, सुखराम मुंडा, रतन सोय सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

















