आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, वार्ड के विभिन्न इलाकों में गंदगी का अंबार लगा है, वहीं नालियां जाम पड़ी हैं, ऐसे में दुर्गा पूजा पंडाल में सफाई मित्रों से पेंटिंग कराए जाने की शिकायत ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है.

वार्ड पार्षद शांतनु घोष के क्षेत्र में एक ओर जहां नियमित साफ-सफाई और नालियों की सफाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सफाई मित्रों को उनके निर्धारित कार्य से अलग पंडाल में पेंटिंग के काम में लगाए जाने का मामला सामने आया है, इससे यह सवाल उठ रहा है कि जब वार्ड में स्वच्छता की स्थिति ही संतोषजनक नहीं है, तो सफाईकर्मियों की तैनाती अन्य कार्यों में क्यों की जा रही है?

सफाई मित्रों की जिम्मेदारी सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना, कचरे का नियमित उठाव करना और नालियों की सफाई सुनिश्चित करना है, यदि इन कर्मियों से अन्य कार्य लिए जा रहे हैं, तो यह जांच का विषय है कि ऐसा किसके निर्देश पर और किन परिस्थितियों में किया जा रहा है.
इस मामले में सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन एवं आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है, साथ ही, वार्ड में व्याप्त गंदगी को दूर करने, जाम नालियों की सफाई कराने और सफाई मित्रों की कार्य-तैनाती की समीक्षा करने का आग्रह किया गया है.

अब सवाल यह है कि जब स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए सफाईकर्मियों की नियुक्ति की गई है, तो क्या उनकी सेवाओं का उपयोग निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप हो रहा है? नगर निगम प्रशासन से अपेक्षा है कि वह मामले का संज्ञान लेकर तथ्यों की जांच करे, जिम्मेदारी तय करे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि वार्ड 13 के निवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके.

















