जनसंवाद, जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को रेडियो सिटी टैलेंट हंट-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और बहुआयामी प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराना था। पूरे दिन चले इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
टैलेंट हंट के दौरान कला, संस्कृति, मनोरंजन, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी आठ से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें स्टेज प्ले, रैंप वॉक, स्लो ऑटोमोबाइल रेस, रोड सेफ्टी क्विज, फिटनेस चैलेंज, स्टैंड-अप कॉमेडी, रील एवं शॉर्ट वीडियो मेकिंग जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रत्येक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी मौलिक सोच, रचनात्मक कौशल और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
स्टेज प्ले प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की सराहना बटोरी। रैंप वॉक में विद्यार्थियों ने व्यक्तित्व विकास और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि रोड सेफ्टी क्विज के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। स्लो ऑटोमोबाइल रेस, फिटनेस चैलेंज और स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिताओं ने भी प्रतिभागियों और दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं रील एवं शॉर्ट वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता में युवाओं ने डिजिटल मीडिया के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डीन (प्रशासन) डॉ. राकेश कुमार, डीन (अकादमिक) अभिनव कुमार और आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा सहित सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को समान महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रेडियो सिटी टैलेंट हंट विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और बड़े मंच तक पहुंचाने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संचार कौशल और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाली पूरी टीम और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। पूरे आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने भी इस आयोजन को यादगार बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की उम्मीद जताई।

















