Advertisement

रांची RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले को लेकर रघुवर दास का बड़ा बयान, बोले- यह राष्ट्रवाद पर हमला, SIT बनाकर हो जांच

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, रांची/जमशेदपुर। रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की है।

Advertisement
Advertisement

बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आरएसएस कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि यदि बम फट जाता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था, लेकिन सौभाग्यवश एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Dayal Builder
Srinath

रघुवर दास ने कहा कि यह हमला केवल किसी संगठन के कार्यालय पर नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं, जिसका परिणाम इस प्रकार की घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है।

Advertisement

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भी भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

रघुवर दास ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर झारखंड की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्र से बातचीत की है और जांच के लिए तत्काल एसआईटी गठित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि घटना के पीछे यदि कोई साजिश है तो उसका भी खुलासा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच से पूरे मामले की तह तक पहुंचने में मदद मिलेगी और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।

रघुवर दास ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार से ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

ताजा खबरें

WhatsApp