जनसंवाद, जमशेदपुर : केबुल बस्ती स्थित राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल की प्रधानाध्यापिका सुश्री लुबना नूर खान के विदेशी कंपनी में चयन होने पर उनके अंतिम कार्यदिवस पर विद्यालय सभागार में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रबंधन समिति ने किया सम्मानित
समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार, महासचिव परमानंद कौशल, उपाध्यक्ष रामनरेश साहू एवं जैसप लाल देवांगन, वरिष्ठ सदस्य सुरकृतदास मानिकपुरी तथा त्रिवेणी कुमार ने लुबना नूर खान को बुके, शॉल, स्मृति-चिन्ह, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से यादगार बनी विदाई
विदाई समारोह के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने केक काटकर खुशी साझा की और उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की यादों को भावुक शब्दों में व्यक्त किया। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य ने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रीता शर्मा ने किया।
‘विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया’ : दिनेश कुमार
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि लुबना नूर खान ने अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयास सदैव प्रेरणादायक रहेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार को गर्व है कि वे अपने कौशल के बल पर विदेशी कंपनी में नई जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं।
‘यह विद्यालय मेरे लिए परिवार जैसा रहा’ : लुबना नूर खान
अपने संबोधन में लुबना नूर खान भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं बल्कि एक परिवार रहा है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मिले स्नेह, सम्मान और सहयोग को वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगी।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
समारोह में दीक्षा साहू, प्रीति शर्मा, कुमकुम सिंह, कृतिका सिंह, चांदनी कुमारी, रवीना ठाकुर, कविता साहू, सोनम शर्मा, अंजली शर्मा, कंचन साहू, अर्चना सिंह, सीमा, संगीता मेरी सुरेन, कौशिक दत्ता, हीरादास मानिकपुरी, रेखा कुमारी, तारकेश्वरी देवी, सुमन सिंह, रिचा मिश्रा, अनुसूइया कुमारी, मेनका कुमारी, सुमन कुमारी, अनुष्का सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

















