Advertisement

जमशेदपुर में अवैध पार्किंग पर सौरभ विष्णु का सवाल, बोले- केवल चालान नहीं, स्थायी समाधान जरुरी

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, जमशेदपुर। जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या, ट्रैफिक जाम और पुरानी यातायात व्यवस्था को लेकर टाटा स्टील एवं जिला प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर तेजी से विस्तार कर रहा है, लेकिन आम नागरिकों से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं आज भी पुराने ढांचे पर आधारित हैं, जिसके कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि टाटा स्टील लगातार अपने उद्योग और बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है। वहीं जिला प्रशासन ने भी समय के साथ अपनी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाया है। पुराने डीसी कार्यालय और एसपी कार्यालय की जगह नए भवन तैयार किए गए हैं तथा पुलिस व्यवस्था का भी विस्तार हुआ है। ऐसे में शहर की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को भी वर्तमान जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो विकास का संकेत है। लेकिन पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं और बाद में चालान की कार्रवाई का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल चालान काटने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इसके लिए स्थायी और व्यावहारिक व्यवस्था बनानी होगी।

सौरभ विष्णु ने कहा कि जिस प्रकार टाटा स्टील ने अपने वेंडर कर्मचारियों के लिए न्यू बारी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की है, उसी प्रकार शहरवासियों की सुविधा के लिए भी आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते हुए जमशेदपुर के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, सुव्यवस्थित वाहन स्टैंड और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन अब समय की आवश्यकता बन चुकी है।

उन्होंने मांग की कि शहर में जहां-जहां पार्किंग के लिए भूमि चिन्हित की गई है, वहां शीघ्र मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए। साथ ही प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाए। अवैध पार्किंग पर नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और योजनाबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सौरभ विष्णु ने कहा कि विकास केवल बड़े भवनों, कार्यालयों और उद्योगों के विस्तार से नहीं मापा जा सकता। वास्तविक विकास तब होगा जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी व्यवस्था उपलब्ध होगी। उन्होंने टाटा स्टील और जिला प्रशासन से मिलकर शहर की पुरानी यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की अपील की, ताकि लोगों को जाम और पार्किंग की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Advertisement