सरायकेला / Balram Panda : आदित्यपुर-गम्हरिया में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच अब यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर कार्रवाई तेज करने का दबाव बढ़ गया है, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात कर 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में भी ज्ञापन की प्रति सौंपी गई.
पुरेंद्र ने कहा कि पूजा शुरू होने में अब महज पांच दिन शेष हैं और बड़े पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है, ऐसे में शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों को जमीन पर उतारने के लिए सभी संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करनी होगी.

मांग पत्र में अबाधित ट्रैफिक व्यवस्था, पंडालों के पास पार्किंग स्थल और अस्थायी दुकानों के लिए अलग स्थान चिह्नित करने, प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है.
समिति ने नगर निगम से पूजा से पहले व्यापक सफाई और सड़कों की मरम्मत, जबकि जेआरडीसीएल और जियाडा से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की बंद स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने की मांग की है.
खरकई पुल के समीप वॉच टावर, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सकीय दल, विसर्जन घाट तक रोशनी और पहुंच मार्ग की मरम्मत के साथ हाइड्रा की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा संवेदनशील पूजा पंडालों के पास दमकल की तैनाती, निर्बाध बिजली आपूर्ति और आदित्यपुर, गम्हरिया व आरआईटी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की गई है.
पुरेंद्र ने पुलिस और जिला प्रशासन से अपील की कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूजा से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कराई जाएं, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और जाममुक्त माहौल में संपन्न हो सके.

















