Advertisement

सरायकेला : तीन दिवसीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का समापन, आधुनिक पुलिसिंग, अनुशासन और पेशेवर दक्षता को मिली नई धार…

By Balram Panda

Updated on:

सरायकेला: बदलती कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच पुलिस बल को अधिक सक्षम, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में सरायकेला-खरसावाँ पुलिस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का गुरुवार को पुलिस लाइन में गरिमामय वातावरण में सफल समापन हुआ, समापन समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक (कोल्हान प्रक्षेत्र) अनुरंजन किस्पोट्टा एवं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Advertisement
Advertisement

बता दे 1 जुलाई से 3 जुलाई तक चले इस व्यावसायिक आयोजन में जिले के विभिन्न थाना, ओपी एवं पुलिस इकाइयों के पदाधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया, ड्यूटी मीट के दौरान पुलिसिंग से जुड़े विविध व्यावहारिक विषयों, अनुसंधान कौशल, विधिक जानकारी, अपराध अनुसंधान, दस्तावेज संधारण, वैज्ञानिक जांच, फील्ड दक्षता तथा अन्य व्यावसायिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कार्यकुशलता और पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

Dayal Builder
Srinath

आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अनुशासन को मजबूती देना, आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना तथा अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस कर्मियों को व्यवहारिक रूप से और अधिक सक्षम बनाना रहा. ड्यूटी मीट ने पुलिस कर्मियों को सीखने, स्वयं का मूल्यांकन करने तथा बेहतर पुलिसिंग के नए आयामों से जुड़ने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया.

Advertisement

वहीं, समापन समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्कृष्ट पुलिसिंग की संस्कृति को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है, ऐसे आयोजन पुलिस बल में नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, टीम भावना, तकनीकी दक्षता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित, अनुशासित और दक्ष पुलिस बल ही आमजन के विश्वास को मजबूत करते हुए अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण सामाजिक वातावरण बनाए रखने में निर्णायक भूमिका निभाता है.

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया, अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण, ईमानदारी और पेशेवर उत्कृष्टता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया.

तीन दिवसीय पुलिस ड्यूटी मीट का सफल आयोजन इस बात का संकेत है कि सरायकेला-खरसावाँ पुलिस आधुनिक, जवाबदेह और जनोन्मुखी पुलिसिंग की दिशा में लगातार अपने संसाधनों, कौशल और कार्यप्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है.

ताजा खबरें

WhatsApp