जनसंवाद, जमशेदपुर। व्यापारियों और उद्योग जगत को सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को चैंबर भवन, बिष्टुपुर में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6:15 बजे से 8:30 बजे तक चलेगा, जिसमें टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति और ब्रांड संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे।
कार्यक्रम के पहले सत्र में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (SHS) राजीव मंगल के मार्गदर्शन में चीफ सेफ्टी नीरज के. सिन्हा “Safety No Longer a Choice” विषय पर व्याख्यान देंगे। इस दौरान एमएसएमई और अन्य उद्योगों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण विकसित करने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा प्रभावी सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दूसरे सत्र में टाटा स्टील के चीफ–सिक्योरिटी एंड ब्रांड प्रोटेक्शन जितेन्द्र सिंह शेखावत तथा एरिया मैनेजर–ब्रांड प्रोटेक्शन ध्रुबज्योति साहा “Protecting Brands and Safeguarding Consumers” विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। इस सत्र में नकली एवं डुप्लीकेट उत्पादों से होने वाले नुकसान, ब्रांड की सुरक्षा, उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखने तथा प्रतिस्पर्धी बाजार में व्यवसायों को सुरक्षित रखने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में सुरक्षा और ब्रांड संरक्षण प्रत्येक व्यापारी एवं उद्योग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल चैंबर सदस्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि कोई भी व्यापारी, उद्यमी, उद्योगपति, प्रोफेशनल या इच्छुक व्यक्ति इसमें भाग लेकर अपने व्यवसाय की सुरक्षा व्यवस्था और ब्रांड संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।



































