जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर कुचाई प्रखंड सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सटीक और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा किसी भी त्रुटि को समय पर चिन्हित कर उसके सुधार में सहयोग करने का आह्वान किया।
मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सकता है।
मास्टर ट्रेनर गौतम नारायण सरदार ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी, घर-घर सत्यापन अभियान तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी बीएलए-2 से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा मतदाताओं को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए-2 ने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनरों ने विस्तार से समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा, मुखिया शास्त्री सांगा, निर्वाचन कंप्यूटर ऑपरेटर अर्जुन महतो, मेरियम नाग, डुमू गोप, बबलू सोय, दुलाल स्वांसी, कृष्ण सिंह मुंडा, माधव चरण महतो, देवेंद्र सामाड, राजकिशोर दास, लुबूराम सोय सहित प्रखंड स्तर के निर्वाचन कर्मी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



































