जनसंवाद, जमशेदपुर। सोना देवी यूनिवर्सिटी, स्काई करियर हब के सहयोग से 25 जुलाई 2026 को ‘सोना देवी यूनिवर्सिटी एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026’ का आयोजन करेगी। समारोह शाम 6 बजे बिष्टुपुर स्थित द एल्कोर होटल में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, शिक्षाविदों और शैक्षणिक संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने बताया कि इस पुरस्कार की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और संस्थानों को पहचान देने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है। चयन प्रक्रिया के तहत कोल्हान क्षेत्र के 100 से अधिक शिक्षण संस्थानों से प्राप्त प्रोफाइल के आधार पर चयन समिति ने पुरस्कार विजेताओं का चयन किया है।
उन्होंने बताया कि समारोह में विजनरी प्रिंसिपल अवॉर्ड, पायनियर इन एजुकेशन अवॉर्ड, लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड सहित कई श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के योगदान को सम्मानित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है।
आयोजकों के अनुसार, समारोह में राज्यभर के प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। शिक्षा जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख और अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में लाइफटाइम अचीवमेंट, पायनियर इन एजुकेशन, बेस्ट स्कूल मैनेजमेंट, विजनरी प्रिंसिपल, यंग प्रिंसिपल अचीवमेंट, इनोवेशन इन एजुकेशन, आउटस्टैंडिंग एजुकेटर, एक्सीलेंस इन टीचिंग, इंस्पिरेशनल टीचर, डिजिटल लर्निंग एक्सीलेंस, स्टूडेंट मेंटर ऑफ द ईयर और कम्युनिटी इम्पैक्ट एजुकेटर सहित कई पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह पहल झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

















