आदित्यपुर / Balram Panda: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में संदिग्ध घुसपैठ की एक घटना ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। माझी टोला के संजय नगर में मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक किराए के मकान में संदिग्ध व्यक्ति के घुसने की घटना सामने आई है, महिला के बयान के मुताबिक, संदिग्ध के शरीर पर ग्रीस लगा था, चेहरे पर नीले रंग का कपड़ा बंधा था और वह बिना कपड़ों के कमरे में दाखिल हुआ था। उसकी इस असामान्य वेशभूषा के कारण इलाके में उसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
बताया जाता है कि घटना के समय महिला नवरात्रि का व्रत रखकर कमरे में सो रही थी, जबकि उसका पति और बच्चा घर के बाहर चौकी पर सोए हुए थे, इसी दौरान संदिग्ध छत के रास्ते कमरे में घुसा और दरवाजा भिड़ाकर मोबाइल उठाने लगा.
देखें video…
अचानक महिला की नींद खुल गई। कमरे में अनजान व्यक्ति को देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद संदिग्ध छत के रास्ते फरार हो गया, दावा किया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, फुटेज की जांच से संदिग्ध की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में मदद मिल सकती है.
अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर संदिग्ध का मकसद क्या था? क्या वह मोबाइल चोरी करने आया था या घर में घुसने के पीछे कोई दूसरी मंशा थी? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
घटना के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस की जांच, संदिग्ध की पहचान और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि, मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई की स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है, ऐसे में सीसीटीवी फुटेज की जांच और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी.

















