जनसंवाद, जमशेदपुर। ज़ेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई में मंगलवार को सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य MyGov पोर्टल पर चल रहे #CRPF@88 अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रतियोगिताओं, सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रसेवा की भावना से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में जीसी सीआरपीएफ, जादूगोड़ा के असिस्टेंट कमांडेंट मकसूद आलम मुख्य अतिथि तथा इंस्पेक्टर प्रीतम कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी और जवान भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के एम.पी. हॉल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य राजीव रंजन के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद इंस्पेक्टर प्रीतम कुमार ने विद्यार्थियों को #CRPF@88 अभियान और MyGov पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि मकसूद आलम ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ के इतिहास, संगठन की भूमिका, कर्तव्यों और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को देश सेवा, अनुशासन और समर्पण के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की आधिकारिक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिससे उन्हें संगठन के साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा की कार्यशैली को करीब से जानने का अवसर मिला।
इसके बाद विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थियों तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से “Pledge for Service and Loyalty” की शपथ ली।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “Colours of Courage” विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। साथ ही #CRPF@88 अभियान के तहत आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सीआरपीएफ के अधिकारियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

















