जनसंवाद, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस और नेशनल पेरेंट्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों में देशभक्ति, रचनात्मकता और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, 26 जुलाई (रविवार) को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम 24 जुलाई को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया तथा देश के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता पाठ, स्लोगन लेखन, चित्रकला, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग और पत्र लेखन जैसी प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के साहस, बलिदान और देशभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं नेशनल पेरेंट्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता भी व्यक्त की।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। छोटे बच्चों ने कारगिल के वीर जवानों और अपने माता-पिता के लिए आकर्षक चित्र और ग्रीटिंग कार्ड बनाए, जबकि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के नाम भावनात्मक पत्र लिखकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी, पारिवारिक संस्कार और रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को मजबूत करना है। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में कार्यक्रम सादगी और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

















