जनसंवाद, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में बुधवार, 15 जुलाई 2026 को विश्व युवा कौशल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कई शैक्षणिक, रचनात्मक और कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय में आयोजित गतिविधियों में आइडेंटिफाई द नंबर्स एंड अल्फाबेट्स, मेक द वर्ड्स फ्रॉम ब्लॉक, ड्राइंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, स्पीच तथा मैथ ओलंपियाड प्रमुख रहे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और गणितीय दक्षता को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्पीच प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने जीवन के लक्ष्य, सपनों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कला एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस वर्ष कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण मैथ ओलंपियाड रहा। प्रतियोगिता का प्रारंभिक चरण (प्रीलिम्स) 11 जुलाई को आयोजित किया गया था, जबकि फाइनल मुकाबला 15 जुलाई को संपन्न हुआ। दोनों चरणों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी गणितीय क्षमता का प्रदर्शन किया।
मैथ ओलंपियाड में अंशु कुमार, उमंग महतो और पवन विश्वास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साहिल कुमार सिंह, आराध्या कुमारी और सौम्या झा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि संस्कार कुमार सिंह, ऋषभ कुमार और शुभ प्रतीक राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के कौशल विकास और प्रतिभा निखारने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

















