सरायकेला / Balram Panda : खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध बीयर एवं महुआ शराब बरामद करते हुए चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया.

जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 की रात करीब 10 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बामनडीह में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल बिक्री अंकित Hywards Bold Beer 650 एमएल के 55 पीस, Tuborg Beer 650 एमएल के 05 पीस एवं Kingfisher Beer 650 एमएल के 05 पीस सहित कुल 42.25 लीटर अवैध बीयर जब्त की गई। उत्पाद विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
वहीं, 21 मई 2026 की सुबह करीब 07 बजे सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी ओपी क्षेत्र के ग्राम महादेवपुर में संचालित दो अवैध चुलाई अड्डों पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अड्डों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, छापेमारी के दौरान लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ एवं 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. बरामद सामग्री को मौके पर ही जब्त कर लिया गया, जबकि कारोबारी फरार होने में सफल रहे.

उत्पाद विभाग द्वारा फरार आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मोबाइल नंबर 9631685811 पर उपलब्ध कराई जा सकती है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. वहीं, जिला प्रशासन ने दोहराया कि समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.




















