सरायकेला / Balram Panda: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांड्रा पुलिस ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब निर्माण के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया, पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर भारी मात्रा में जावा महुआ जब्त करते हुए शराब निर्माण में प्रयुक्त दो भट्टियों को नष्ट कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरूडीह पंचायत स्थित नदी किनारे नया घाट एवं नया पुलिया के समीप बड़े पैमाने पर अवैध देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड्रा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की.
निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे से 6:00 बजे के बीच पु०नि०-सह-थाना प्रभारी, कांड्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया, पुलिस की दबिश पड़ते ही अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया. हालांकि छापेमारी के दौरान कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका.
पुलिस ने मौके से लगभग 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया, जिसका उपयोग अवैध देशी शराब निर्माण में किया जा रहा था. साथ ही शराब तैयार करने के लिए लगाए गए दो अस्थायी भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया, बरामद सामग्री को नियमानुसार विनष्ट कर दिया गया.
प्रभारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों और नदी किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
छापेमारी दल में पु०नि०-सह-थाना प्रभारी कांड्रा, पु०अ०नि० रामदयाल उरांव सहित कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे, पुलिस द्वारा क्षेत्र में आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.
जिला प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले अवैध धंधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




















