आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित मर्सिडीज़ शोरूम के समीप रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक का हेलमेट काफी दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया, हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, घटना के बाद कुछ देर के लिए टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से यातायात व्यवस्था जल्द ही सामान्य कर दी गई.
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, आदित्यपुर थाना एवं यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.








