आदित्यपुर / Balram Panda: आदित्यपुर थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार के पदभार संभालने के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों द्वारा उनसे शिष्टाचार मुलाकात का सिलसिला जारी है, इसी कड़ी में आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में थाना पहुंचकर पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार का स्वागत एवं अभिनंदन किया, प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि आदित्यपुर जैसे सामाजिक, औद्योगिक और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र के लिए एक अनुभवी और दक्ष अधिकारी की तैनाती से आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत होगा, उन्होंने इसके लिए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराध नियंत्रण को नई गति मिलेगी.

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी के समक्ष क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को भी रखा, समिति की ओर से समय-समय पर सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई, साथ ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के खेल मैदानों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाने का आग्रह किया गया, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और छात्र-छात्राओं समेत आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध हो सके.
वहीं, थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करेगी तथा जनसहभागिता के माध्यम से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा.
इस मौके पर आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के कमलेश्वरी पासवान, संध्या प्रधान, मनोज पासवान, एस.एन. यादव, सत्येंद्र प्रभात, संतोष यादव, उदित यादव, कुमार विपिन बिहारी प्रसाद, सोनू पासवान, अवधेश कुमार, संदीप राउत, मिथिलेश कुमार झा, विनोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार और संतोष कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे, सभी ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया.










