आदित्यपुर : जमशेदपुर में प्रस्तावित भव्य स्ट्रीट फूड फेस्टिवल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं, इसी कड़ी में बुधवार को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर आयुक्त एजाज अनवर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, नगरीय प्रशासन निदेशालय, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के पत्रांक 1192 के आलोक में आयोजित बैठक में फेस्टिवल की तैयारियों, आयोजन स्थल की संभावनाओं और विभिन्न हितधारकों की भागीदारी को लेकर विस्तार से मंथन किया गया.
बैठक में स्पष्ट किया गया कि स्ट्रीट फूड फेस्टिवल को महज खान-पान के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे स्थानीय स्वाद, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्ट्रीट वेंडर्स की आजीविका को बढ़ावा देने वाले बड़े मंच के रूप में विकसित किया जाएगा, आयोजन में जमशेदपुर के साथ आदित्यपुर, मानगो, कपाली, जुगसलाई और सरायकेला समेत आसपास के निकायों के स्ट्रीट फूड वेंडर्स और संबंधित हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

नगर आयुक्त एजाज अनवर ने तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया, उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवहारिकता का आकलन, वेंडर्स के पंजीकरण, खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, आग से सुरक्षा, प्लास्टिक-मुक्त व्यवस्था और आम लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया.
बैठक में यह भी तय किया गया कि फेस्टिवल के माध्यम से स्थानीय खाद्य संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर्स को बेहतर बाजार और सतत आजीविका का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा, वहीं, प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जाएगी.
प्रशासन का जोर इस बात पर रहेगा कि आयोजन में आने वाले लोगों को बेहतर माहौल मिले और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता न हो, इसके लिए संबंधित विभागों और हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित कर सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
बैठक में नगरीय प्रशासन निदेशालय के राज्य मिशन प्रबंधक अजीत कुमार परामांस, नगर मिशन प्रबंधक विकाश कुमार, सीएमएम/नगर प्रबंधक राजन कुमार, निदेशालय के सीओ सोनू कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
स्ट्रीट फूड फेस्टिवल को लेकर हुई इस बैठक से साफ है कि प्रशासन इसे स्थानीय स्वाद, रोजगार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाले बड़े आयोजन के रूप में आकार देने की तैयारी में जुट गया है.

















