सरायकेला / Balram Panda : जिले में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है, उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को चौका, चांडिल और कंदरबेड़ा क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू से जुड़ी गतिविधियां सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ चांडिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में खान निरीक्षक की टीम ने विभिन्न इलाकों में जांच की, टीम ने बालू के खनन, भंडारण और परिवहन से संबंधित गतिविधियों की पड़ताल की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की.
खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है, विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, बिना वैध अनुमति खनन, बालू का अवैध भंडारण अथवा परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा, विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. खनन विभाग की लगातार कार्रवाई से साफ है कि जिले में अवैध बालू के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है.



































