कपाली / Balram Panda: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, इसी कड़ी में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कपाली नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों, विसर्जन घाटों और उन्हें जोड़ने वाले मार्गों का निरीक्षण किया, इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, निगरानी व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर समुचित तैयारी रखी जाए, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पंडालों और विसर्जन घाटों तक जाने वाले रास्तों का भी निरीक्षण किया गया, अधिकारियों ने अनावश्यक वाहन पार्किंग पर रोक लगाने, जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था रखने और विसर्जन के दौरान आवागमन सुगम बनाए रखने का निर्देश दिया, विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, पहुंच मार्गों की सुगमता और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और पूरे पूजा आयोजन के दौरान सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मां दुर्गा के दर्शन कर सकें.

















