जनसंवाद, जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा एवं चित्रगुप्त पूजा को देखते हुए बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत की ओर से पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजा स्थलों और छठ घाटों की सफाई कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
प्रमुख पूजा स्थलों और छठ घाटों की होगी सफाई
अभियान के तहत बुधवार को चित्रगुप्त पूजा को ध्यान में रखते हुए मजदूरों की मदद से चित्रगुप्त पूजा मैदान की साफ-सफाई कराई गई। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के तहत चित्रगुप्त पूजा मैदान, गणेश पूजा मैदान, शहीद मैदान, नेहरू मैदान, कुंवर सिंह मैदान, वायरलेस मैदान एवं त्रिपाठी जी छठ घाट सहित पंचायत क्षेत्र के सभी प्रमुख पूजा स्थलों और छठ घाटों की सफाई कराई जाएगी।
पंचायत का उद्देश्य छठ महापर्व से पहले सभी पूजा स्थलों और घाटों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी न हो और वे स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर सकें।
पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों से मांगा सहयोग
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर, अनिल सिंह, अजीत सिन्हा, राजकुमार सिंह, वार्ड सदस्य उमेश पांडेय सहित शशि कुमार, मनोज श्रीवास्तव, उदय श्रीवास्तव, संजीव कुमार, मनोज सिन्हा, विनोद राम एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।
पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने और पूजा स्थलों एवं छठ घाटों को साफ-सुथरा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है। जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बागबेड़ा का निर्माण संभव है।

















