आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर में युवक निखिल कुमार दे की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं, हत्याकांड का मुख्य आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में न केवल वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, बल्कि हत्या की पूरी घटना का वीडियो बनाने की बात भी कबूल की है.
दरअसल, 17 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में एक युवक की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी, सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर करीब 7 से 8 एकड़ में फैले श्मशान परिसर की घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया.

मृतक की पहचान भाटिया बस्ती काली मंदिर के समीप रहने वाले करीब 20 वर्षीय निखिल कुमार दे के रूप में हुई। मृतक के पिता के आवेदन पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 331/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश मुर्मू उर्फ डेबो और अजीत सुरेन उर्फ गुडरु के रूप में हुई है, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मृतक और मुख्य आरोपी करण सुरेन के बीच पुराना विवाद सामने आया है, बताया गया है कि दोनों पूर्व में दोस्त थे.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, मृतक के खून के निशान लगे कपड़े समेत अन्य सामान जब्त किए हैं, वहीं, फरार मुख्य आरोपी करण सुरेन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस कार्रवाई के साथ आदित्यपुर पुलिस ने हत्याकांड की जांच में अहम सफलता हासिल की है, अब पुलिस के सामने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने और वारदात से जुड़े सभी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने की चुनौती है.

















