आदित्यपुर / Balram Panda: खरकई नदी के तेज बहाव में युवती के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस तत्काल हरकत में आई, थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बिना देर किए पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान की कमान संभाली। स्थानीय गोताखोरों के साहस और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के संयुक्त प्रयास से युवती को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया.
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खरकई नदी के छोटे पुल से युवती के छलांग लगाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज धार के बीच युवती को बचाना बड़ी चुनौती थी, स्थानीय युवकों और महिला गोताखोरों ने तत्काल नदी में उतरकर युवती को तेज बहाव से बाहर निकाला और पुल के नीचे एक पिलर के पास सुरक्षित रोका.
इस बीच थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लाइफ जैकेट मंगवाई, पुलिस जवानों ने रस्सी और लाइफ जैकेट की मदद से स्थानीय गोताखोरों के साथ संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
बचाव अभियान में असाधारण साहस और तत्परता दिखाने वाले स्थानीय गोताखोरों एवं नागरिकों को थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने सम्मानित किया, उन्होंने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मानव जीवन बचाने के लिए आगे आना बेहद सराहनीय कार्य है, पुलिस और आम नागरिकों के इस समन्वित प्रयास ने एक अनमोल जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई.

















