जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। खुंटपानी प्रखंड क्षेत्र के दोपाई गांव में आदिवासी जागृति मंच के तत्वावधान में संविधान सभा के सम्मानित सदस्य एवं महान आदिवासी विभूति पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई शामिल हुए। दोनों ने संयुक्त रूप से विधिवत प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण कर महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा परिसर ‘श्रद्धेय देवेंद्र नाथ सामंत अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत का जीवन संघर्ष, समर्पण और समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने संविधान सभा के सदस्य के रूप में देश के संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। विधायक ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल पत्थर या धातु की आकृतियां नहीं होतीं, बल्कि वे समाज के इतिहास, गौरव और संघर्ष की पहचान होती हैं। इनसे नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के त्याग और उपलब्धियों को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और भाषा को संरक्षित करने पर जोर दिया।
समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि महान विभूतियों के जीवन से हमें समाज और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। आज की युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के इतिहास को जानकर शिक्षा, सामाजिक एकता और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए काम करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई ने गांव के बुजुर्गों के बीच कंबल वितरित किए। ठंड के मौसम में कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। विधायक ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सहयोग पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है।
समारोह को सफल बनाने में आदिवासी जागृति मंच के सदस्यों की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, अध्यक्ष बबलू गोडसरा, डिंबू तियू, रजनी बानरा, सानगी हेंब्रम, धनु मुखी, सतीश पुरती, भगवान बानरा सहित मंच के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

















