आदित्यपुर / Balram Panda : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 से पार्षद चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मोती लाल बिसुई का पूरे वार्ड में भव्य स्वागत किया गया. जीत की घोषणा होते ही वार्ड की जनता सड़कों पर उतर आई और जश्न का माहौल बन गया. वार्डवासियों ने मोती लाल बिसुई को गुलदस्ता भेंट कर, गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में समर्थक और स्थानीय नागरिकों ने पूरे वार्ड का भ्रमण किया.

इस दौरान “मोती लाल जिंदाबाद”, “जनता की जीत जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा वार्ड गूंज उठा, जुलूस के रूप में घूमते लोगों के चेहरे पर उत्साह और भरोसा साफ झलक रहा था. ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के बीच वार्ड 12 में जीत की ऐसी लहर देखी गई, जिसने पूरे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया. हर गली, हर चौक पर सिर्फ एक ही चर्चा थी, जनता के भरोसे की जीत.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि उस जनविश्वास की मुहर है, जो मोती लाल बिसुई को उनके सामाजिक कार्यों, सुलभता और जनसमस्याओं के प्रति प्रतिबद्धता के कारण मिला है. जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब वार्ड 12 में विकास और जवाबदेही की राजनीति चलेगी.


जश्न के दौरान मोती लाल बिसुई ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि यह सम्मान मेरे लिए जिम्मेदारी है, जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे चुना है, मैं उस पर खरा उतरने के लिए दिन-रात काम करूंगा. यह जीत बदलाव और विकास की शुरुआत है. पूरे वार्ड में देर शाम तक जश्न का माहौल बना रहा और हर तरफ जीत की गूंज सुनाई देती रही.
video…


















