जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड के अरूवां पंचायत अंतर्गत डोरो गांव में आयोजित श्री श्री हरिनाम संकीर्तन नवो कुंज महायज्ञ सह देव सभा में खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए। इस अवसर पर समाजसेवी बासंती गागराई भी मौजूद रहीं। दोनों ने भक्ति-भाव से कार्यक्रम में भाग लेते हुए राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
महायज्ञ के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
विधायक दशरथ गागराई ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। गांव-गांव में इस प्रकार के आयोजन हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कलियुग में जब मनुष्य विभिन्न दुखों और चुनौतियों से घिरा होता है, तब हरिनाम संकीर्तन ईश्वर प्राप्ति का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम माना जाता है। भगवान का नाम जप मन को शुद्ध करता है और आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि मांगीलाल महतो, शैलेंद्र महतो, मानगोविंद महतो सहित गांव के कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।


















