आदित्यपुर / Balram Panda : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 13 में मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. चुनाव के दौरान किए गए वायदों और जमीनी हकीकत के बीच बढ़ती खाई को लेकर जनता सीधे अपने प्रतिनिधि की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है.
वार्ड के कई इलाकों में नालियों के जाम रहने की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. हालात यह हैं कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण भी दूषित हो चुका है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था और नियमित निगरानी जैसे कई वायदे किए गए थे। लेकिन अब उन वायदों पर अमल होता नहीं दिख रहा है। जनता का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.
कुछ जगहों पर लोगों ने खुद ही नालियों की सफाई कराने की पहल की, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। नागरिकों का कहना है कि यह जिम्मेदारी नगर निगम और संबंधित पार्षद की है, जिसे नजरअंदाज किया जा रहा है.
वार्ड 13 के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था और जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति सुधारने की मांग की है.
















