सरायकेला / Balram Panda : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है, इसी क्रम में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए.
बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं यातायात विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए. प्रारंभ में पूर्व के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मार्च 2026 में जिले में 22 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 20 लोगों की मौत हुई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ ठोस और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर विशेष ध्यान देते हुए चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, टर्निंग साइन, जिग-जैग बैरिकेडिंग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा. साथ ही निर्माणाधीन सड़कों एवं पुल-पुलियों के कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके.
बैठक में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव का भी मुद्दा उठा. यातायात निरीक्षक द्वारा संध्या 5 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू करने का प्रस्ताव रखा गया. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवहारिक समाधान निकालने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही जिन मार्गों पर भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित है, वहां सख्ती से नियम लागू करने, नियमित निगरानी रखने और उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों का समयबद्ध, समन्वित और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.

















