आदित्यपुर / Balram Panda : ब्राउन शुगर के कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार आरोपियों में नाजिया परवीन और विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार शामिल हैं, दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पहली गिरफ्तारी आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में हुई, वर्ष 2025 में ब्राउन शुगर के साथ कुछ लोगों की गिरफ्तारी के दौरान नाजिया परवीन का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था, पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान वह ब्राउन शुगर फेंककर मौके से फरार हो गई थी, इसके बाद करीब डेढ़ वर्ष तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रहने की बात सामने आई, हाल ही में उसके जीवनपुर, कोलाबिरा क्षेत्र में आने की सूचना पुलिस को मिली, इसके बाद आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
वहीं, दूसरी कार्रवाई आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026 में हुई, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस मामले का प्राथमिकी अभियुक्त विपुल कर्मकार गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपकर रह रहा था, पुलिस को उसके आदित्यपुर लौटने की गुप्त सूचना मिली, इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राममड़ैया बस्ती में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, विपुल कर्मकार का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है, वह लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामलों में आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थाना से जेल जा चुका है, पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही उसका भाई सिपुल कर्मकार भी छिनतई के मामले में जेल गया है.
ब्राउन शुगर के खिलाफ आदित्यपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है.

















