आदित्यपुर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठन विस्तार और युवा नेतृत्व को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अभय झा को युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष तथा अमित कुमार सिन्हा को युवा मोर्चा आदित्यपुर नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद रविवार को आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभय झा का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर उनका अभिनंदन किया.
इससे पूर्व राजनगर में आयोजित झामुमो के विशेष संगठनात्मक कार्यक्रम में अभय झा ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व ने उन्हें युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपते हुए संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी.
नई जिम्मेदारी मिलने पर अभय झा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे, उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए झामुमो की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा.
वहीं, युवा मोर्चा आदित्यपुर नगर अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर अमित कुमार सिन्हा ने भी संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया, उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन ने अभय झा को माला पहनाकर सम्मानित किया और दोनों नव-मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं, उन्होंने विश्वास जताया कि अभय झा और अमित कुमार सिन्हा के नेतृत्व में युवा मोर्चा को नई गति मिलेगी तथा संगठन जनसरोकारों के मुद्दों पर और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे, स्वागत समारोह में पार्टी नेताओं ने संगठन की एकजुटता, युवा भागीदारी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया.



































