Advertisement

आदित्यपुर : चंद बूंदों की बारिश में जलमग्न हुई सड़क, वार्ड-18 की बदहाल व्यवस्था पर पूर्व पार्षद प्रत्याशी ने उठाए सवाल…

By Balram Panda

Published on:

आदित्यपुर / Balram Panda: मानसून की दस्तक से पहले ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं, वार्ड संख्या-18 में हुई हल्की बारिश के बाद मुख्य सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. इसे लेकर वार्ड-18 के पूर्व वार्ड पार्षद प्रत्याशी राजू लोहार ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

Advertisement
Advertisement

राजू लोहार ने क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद कहा कि महज कुछ देर की बारिश में सड़क का तालाब में तब्दील हो जाना नगर निगम की नाली एवं जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है. उन्होंने कहा कि यदि प्री-मानसून बारिश में यह स्थिति है, तो बरसात के चरम मौसम में स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है.

Srinath

उन्होंने दावा किया कि जिस स्थान पर जलजमाव हुआ है, वह कोई तालाब या नदी का किनारा नहीं, बल्कि वार्ड संख्या-18 स्थित सिवा नर्सिंग होम के पीछे की कॉलोनी की मुख्य सड़क है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.

Advertisement

पूर्व पार्षद प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उन्होंने क्षेत्र में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था एवं नाली निर्माण को लेकर कई बार आदित्यपुर नगर निगम को आवेदन दिया है. इसके अलावा वर्तमान वार्ड पार्षद, डिप्टी मेयर, महापौर तथा नगर आयुक्त को भी कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता दिखानी चाहिए. जनता की समस्याओं को अनदेखा करना उचित नहीं है, उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भी आम लोगों की समस्याएं दिखाई देंगी, वहां वह लगातार आवाज उठाते रहेंगे.

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है और समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी मानसून में स्थिति और गंभीर हो सकती है, अब लोगों की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है.

ताजा खबरें

WhatsApp