आदित्यपुर/ Balram Panda : आदित्यपुर के मुस्लिम बस्ती में हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, शुक्रवार की रात कल्लू खान के घर पर अब्दुल जाफर को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी, गोली जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई। घायल जाफर का टीएमएच जमशेदपुर में इलाज चल रहा है.
वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मौके से प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया, इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में उसे चोटें आईं, पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की. मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 269/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 109(1), 333, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई की गई.
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी, लगातार दबिश के बाद पुलिस ने ओडिशा से डब्लू महतो उर्फ पदमलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया, वहीं प्रकाश चंद्र नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया, पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों को आशंका थी कि जाफर के घर अवैध धंधे से प्राप्त बड़ी रकम रखी हुई है, इसी रकम को हासिल करने के इरादे से आरोपी वहां पहुंचे थे, पुलिस के अनुसार, घटना से पहले करीब एक घंटे तक वहां बातचीत भी हुई थी. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और लगातार छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है.
गिरफ्तार प्रकाश चंद्र नायक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वह हत्या और लूट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है. एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत पुलिस टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का फोकस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गोलीकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने पर है.

















