जनसंवाद, सरायकेला (उमाकांत कर)। ऐतिहासिक सरायकेला रथ मेला में गुरुवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई ने शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रथ मेला पहुंचने पर विधायक का मेला समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान विधायक ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है।
दशरथ गागराई ने कहा कि सरायकेला का रथ मेला राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं तथा क्षेत्र के सभी लोगों के सुखद और समृद्ध जीवन की कामना की।
समाजसेवी बासंती गागराई ने भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के विकास और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा का पर्व लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करता है तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनता है।
विधायक और समाजसेवी ने रथ मेला परिसर में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया। मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। विधायक ने सभी श्रद्धालुओं को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, गणेश महाली, भोला महांती, रानी हेंब्रम, बासुदेव महतो, छोटे लाल साहू सहित मेला समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



































