सरायकेला / Balram Panda: ईचागढ़ थाना क्षेत्र के काठघोड़ा स्थित लंबा डूंगरी जंगल में अर्जुन के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी, मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष बतायी जा रही है, वह चौका थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.
स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, सूचना मिलते ही ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जंगल में पेड़ काफी ऊंचा होने के कारण शव को नीचे उतारने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पुलिस युवक की पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस ने लोगों से किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की है.



































